सांसद दीया कुमारी ने रामप्रसाद मीणा के लिए की न्याय की गुहार
परिवार की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को लिखा पत्रl
जयपुर। राजसमंद सांसद दीया कुमारी ने चांदी की टकसाल निवासी रामप्रसाद मीणा आत्महत्या मामले में घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कठोर शब्दों में पत्र लिखा है। सांसद ने पत्र में मृतक के परिवार को न्याय दिलाने और परिवार के मांग पत्र पर त्वरित कार्यवाही कराए जाने के लिए आग्रह किया है।
सांसद दीया कुमारी ने पत्र में कहा कि स्वर्गीय रामप्रसाद मीणा ने नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और राजनैतिक दबाव के कारण व मानसिक उत्पीड़न का शिकार होकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने अपने हक के लिए भरसक प्रयास किया परन्तु नगर निगम, जयपुर व प्रशासनिक तन्त्र के हर पायदान पर उन्हें निराशा ही हाथ लगी, जिसके चलते प्रशासन और सरकार के लिए यह शर्मसार करने वाली घटना घटित हुई।
सांसद दीया ने आगे कहा है कि "मैं स्वयं मृतक के परिजनों से मिली, उनकी हृदय विदारक पीड़ा को देखकर मुझे बहुत आघात लगा। स्वर्गीय श्री रामप्रसाद मीणा की धर्मपत्नी एवं दोनों पुत्रियां अपने पति और पिता के साथ हुए अन्याय के बदले न्याय की उम्मीद रखती हैं।" सांसद ने राज्य सरकार से जयपुर की इन बेटियों के द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर त्वरित एवं ठोस कार्यवाही कराने का आग्रह किया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता एवं भविष्य के लिए सरकारी नौकरी में समायोजन एवं भ्रष्टाचार करने वाले दोषियों व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग भी की है, जिससे भविष्य में इस तरह की पुर्नरावृति नहीं हो और कोई अन्य परिवार निराश्रित नहीं हो।