एक व्यक्ति की हत्या का मामला
सूरजगढ़। थाना क्षेत्र के लोटिया गांव में गुरुवार को एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया हैं। हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक की पत्नी ने नामजद लोगों के खिलाफ सूरजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। थाना अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि लोटिया गांव में एक व्यक्ति प्रकाश मेघवाल अपने घर के बाहर अचेत हालत पड़ा हुआ है। सूचना के बाद थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और अचेत मिले प्रकाश मेघवाल को सूरजगढ़ सीएचसी पर भर्ती कराया। सीएचसी पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद मृतक की पत्नी द्वारा हत्या के आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने सीएचसी की मोर्चरी में मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना अधिकारी रविंद्र ने बताया कि मृतक की पत्नी अनीता ने कुछ लोगो पर पति की हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदि था। उसकी मौत कैसे और क्यों हुई ये पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ़ हो पायेगा। पुलिस गहनता से मामले की अनुसंधान कर रही है।