Dark Mode
नड्डा ने राहुल गांधी को बताया राष्ट्रविरोधी, खड्गे ने किया पलटवार

नड्डा ने राहुल गांधी को बताया राष्ट्रविरोधी, खड्गे ने किया पलटवार

राहुल गांधी के विदेश में दिये गये विवादित भाषणों पर देश में हंगामा जारी है। संसद में राहुल गांधी से माफी की मांग के लिए हो रहे शोरगुल के चलते दोनों सदन की कार्यवाही नहीं चल पा रही है। इस बीच, भाजपा ने तय किया है कि वह राहुल गांधी को संसद से निलंबित करने की मांग करेगी। दूसरी ओर, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा है कि एक ओर आज भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है और जी20 की बैठकें हो रही हैं वहीं राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं इसके पीछे उनकी मंशा क्या है?
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि किसी दूसरे देश द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करना भारत की संप्रभुता पर हमला है। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं कि यूरोप-अमेरिका को भारत के मामलों में दखल देने के लिए उकसाने के पीछे उनकी क्या मंशा है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इसके लिए माफी मांगनी होगी। जेपी नड्डा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देशविरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं।
उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रमुख पर ब्रिटेन में भारत, उसकी संसद, उसकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार और लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन एक ऐसा देश है, जिसने भारत पर लंबे समय तक शासन किया। भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर जो किया, उससे देश के खिलाफ काम करने वालों को मजबूती मिली है।
वहीं कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे और उन्होंने संसद के दोनों सदनों में सत्तारुढ़ पार्टी के सदस्यों द्वारा की जा रही आलोचना का जवाब देने के लिए संसद में बोलने की अनुमति मांगी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे ने नड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वो खुद ही राष्ट्रविरोधी हैं और दूसरो को वो राष्ट्रविरोधी कह रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और वो अडानी मामले, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को छुपाने के लिए वो ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या राहुल गांधी कभी राष्ट्रविरोधी हो सकते हैं?

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!