नाहरगढ़ : डॉ. कौशल तिवारी को मिलेगा संस्कृत विद्वत सम्मान पुरस्कार
नाहरगढ़| संस्कृत शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में संस्कृत सम्मान समारोह के लिए पुरस्कृत होने वाली प्रतिभाओं के चयन के लिए समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार संस्कृत विद्वत सम्मान पुरस्कार 7 प्रतिभाओं को दिया जाएगा जिनमें बारां निवासी डॉ कौशल तिवारी, बारां का भी चयन इस सम्मान हेतु हुआ है| इस पुरस्कार के तहत सभी चयनित विद्वानों को 31000 रुपए राशि भेंट की जाएगी। सम्मान का यह कार्यक्रम 7 अगस्त को उदयपुर में आयोजित किया जाएगा| कौशल तिवारी आधुनिक संस्कृत के युवा कवि, आलोचक और अनुवादक के रूप में प्रसिद्ध हैं| कौशल तिवारी की 10 पुस्तकें प्रकाशित हैं, साथ ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में 40 से अधिक आलेख प्रकाशित हैं| कौशल तिवारी की वार्ताएं आकाशवाणी और दूरदर्शन पर भी प्रसारित हुई हैं| कवि कौशल तिवारी की कविताओं का हिन्दी, अंग्रेजी, मराठी, राजस्थानी, बंगला, नेपाली आदि भाषाओं में भी अनुवाद हुआ है और कुछ कविताएं विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में भी पढ़ाई जाती हैं| वर्तमान में कौशल तिवारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बटावदा में कार्यरत हैं| इस अवसर पर बारां जिले के शैक्षणिक और साहित्यिक समाज ने हर्ष प्रकट किया है|