पिता मिथुन चक्रवर्ती का स्ट्रगल यादकर इमोशनल हुए नमाशी
मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमाशी चक्रवर्ती जल्द ही फिल्म बैड बॉय से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। इस बीच मीडिया को दिए इंटरव्यू में नमाशी ने अपने पिता के स्ट्रगल के दिनों को याद किया। नमाशी ने बताया कि उनके पिता ने जिस तरह की जिंदगी जी, वो वैसी जिंदगी कभी नहीं जी सकते। नमाशी ने बताया कि उन्हें महसूस होता है कि उनके पिता मिथुन ‘जीरो से हीरो’ बनने का परफेक्ट उदाहरण हैं।
नमाशी ने याद किया पिता मिथुन का स्ट्रगल
फिल्मी बीट को दिए इंटरव्यू में नामाशी ने बताया कि वो हाल ही में कोलकाता गए थे। तब उन्होंने वहां अपने पिता का पुराना घर देखा, जहां मिथुन बचपन बीता था। वहां जाकर नमाशी को महसूस हुआ कि वो ऐसी जगह कभी नहीं रह सकते हैं, क्योंकि उन्होंने हमेशा से एक बेहतरीन और लग्जरी से भरपूर जिंदगी जी है।
पिता के पुराने घर गए थे नमाशी, बोले- मैं वैसी जगह पर नहीं रह सकता
बातचीत के दौरान नमाशी ने कहा- जब मैं अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए कोलकाता गया था, तब मैं उस घर में गया था, जहां मेरे पिता और दादा-दादी रहा करते थे। मैं यह कैमरे पर यह कह सकता हूं, कि नमाशी चक्रवर्ती उन गलियों में कभी नहीं रह सकता है। क्योंकि मैंने हमेशा एक अच्छी जिंदगी जी है। बंगले देखे हैं, कार, होटल और सभी तरह की लग्जरी चीजें। लेकिन मेरे पिता ने उन गलियों से, उस घर से भी बड़ा बनने का सपना देखा।
जब उनके जैसी प्रेरणा घर पर है, तो डर कम लगता है- नमाशी
नमाशी ने आगे कहा- मेरे आस पास मेरे पिता और उनका करियर एक उदाहरण की तरह है। उनसे मुझे बड़े सपने देखने का साहस मिलता है। ठीक उसी तरह जैसे हर नया एक्टर खुद को इंडस्ट्री में स्टेबल करना है। नमाशी बोले- अगर आप में इच्छा है, तो आपको डरना नहीं चाहिए। आपको लड़ना चाहिए। उनके जीवन की सबसे बड़ी सीख यही है कि वो जीरो से हीरो बने। जब उनके जैसी प्रेरणा घर पर होती है, तो आपको डर कम लगता है। मेरे पिता न केवल मेरे लिए बल्कि हर एक एक्टर के लिए उदाहरण हैं, जो अपना नाम बनाने की कोशिश कर रहा है।
28 अप्रैल को रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि बैड बॉय को अंजुम कुरैशी और साजिद कुरैशी ने इनबॉक्स पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म का डायरेक्शन राजकुमार संतोषी ने किया है। इसमें अमरीन कुरैशी, जॉनी लीवर राजपाल यादव, शाश्वत चटर्जी और दर्शन जरीवाला जैसे एक्टर्स अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 28 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।