राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम.वेंकटेशन ने ली बैठक
-
सफाईकर्मियों की सुरक्षा एवं समस्याओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
बाड़मेर। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के अध्यक्ष (केन्द्रीय राज्यमंत्री स्तर) एम. वेंकटेशन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर सफाईकर्मियों की सुरक्षा व समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के प्रारंभ में जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्रपाल सिंह, बाड़मेर उपखण्ड अधिकारी गोपाल जांगिड़ सहित जिले के नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम. वेंकटेशन का माल्यार्पण व साफा पहनाकर अभिनंदन किया। बैठक में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम. वेंकटेशन ने सफाईकर्मियों की विभिन्न समस्याओं के बारे में व्यक्तिशः जानकारी प्राप्त करते हुए उसके समाधान को लेकर तय समय सीमा में समस्याओं के निस्तारण की बात कही।
उन्होंने सफाईकर्मियों को मिलने वाले वेतन, वर्दी, सुरक्षा उपकरण के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए नगरीय निकायों के अधिकारियों को सफाईकर्मियों के ईपीएफ नंबर देने, पीएम सुरक्षा योजना तथा दुर्घटना बीमा योजना के तहत बीमित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाईकर्मियों के पेंशन प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के साथ-साथ आगामी बोर्ड की बैठक में सफाईकर्मियों के स्थायीकरण आदेश जारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सफाईकर्मियों को संबोधित करते हुए अपनी समस्याओं को निःसंकोच रूप से रखने की बात कही। जिससे उनका निराकरण त्वरित गति से किया जा सकें।
बैठक में उन्होंने महिलाओं की समस्याओं के लिए सैल का गठन करने के निर्देश दिए तथा गठित सैल के सदस्यों के नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने की बात कही। उन्होंने उच्चतम न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार संविदा कार्मिकों को नियमानुसार सुविधाएँ एवं भत्ता दिलवाने की बात कही। बैठक में जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित ने विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रशासन द्वारा सफाईकर्मियों के समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए हरसंभव सहयोग की बात कही।
इस अवसर पर नगर परिषद बाड़मेर आयुक्त विजय प्रतापसिंह सहित नगर परिषद के कर्मचारी, सफाईकर्मी एवं सफाई संगठन व वाल्मीकि समाज से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।