राष्ट्रसंतों का उदयपुर में चातुर्मासिक नगर प्रवेश 29 जून को
नगर निगम के टाउन हॉल मैदान में होगी 54 दिवसीय विराट प्रवचन माला
उदयपुर। राष्ट्रसंत महोपाध्याय श्री ललितप्रभ सागर जी महाराज, राष्ट्रसंत पूज्य श्री चंद्रप्रभ जी महाराज एवं डॉ मुनि श्री शांतिप्रिय सागर जी महाराज का सन 2023 का लोककल्याणकारी चातुर्मास उदयपुर शहर में होगा। उनका चातुर्मासिक नगर-प्रवेश 29 जून, गुरूवार को होगा। इस अवसर पर 29 जून को सुबह 8 बजे नगर प्रवेश की शोभायात्रा सूरजपोल जैन दादावाड़ी से निकलेगी जो 9.30 बजे टाउन हॉल मैदान पहुंचेगी और इसी के साथ मैदान में 54 दिवसीय विराट प्रवचनमाला का श्रीगणेश हो जाएगा। यह प्रवचनमाला 29 जून से 21 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8.45 से 10.30 बजे तक आयोजित होगी।
लोक कल्याणकारी चातुर्मास समिति और श्री जैन श्वेताम्बर वासुपूज्य मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष राज लोढ़ा ने बताया कि श्री संघ के तत्वावधान में 50 समाज जनों के एक दल ने जोधपुर जाकर राष्ट्र संतों से सन 2023 का चातुर्मास उदयपुर में करने का पुरजोर आग्रह किया । देशभर के कई संघों का आग्रह होने के बावजूद राष्ट्र संतों ने उदयपुर वासियों का मान रखते हुए, उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए अपना आगामी चातुर्मास उदयपुर में करने की स्वीकृति प्रदान की।
राष्ट्र संतों के उदयपुर चातुर्मास की स्वीकृति से सभी श्रद्धालु जनों में हर्ष की लहर छा गई है। चातुर्मास में राष्ट्रसंतों के प्रवचनों के लिए नगर निगम के टाउन हॉल मैदान में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है ताकि प्रतिदिन 36 कौम के दस हजार से अधिक श्रद्धालु सत्संग का लाभ ले सकें। अपने प्रभावी प्रवचनों के लिए देशभर में लोकप्रिय इन राष्ट्रसंतों ने 12 साल पहले भी उदयपुर में चातुर्मास करके नगर की आम जनता को लाभान्वित किया था। चातुर्मास की सुचारु व्यवस्था के लिए चातुर्मास समिति का गठन किया जा चुका है। राष्ट्र संतों का चातुर्मास प्रवास महाराज मेवाड़ मोटर्स गली, सूरजपोल स्थित वासुपूज्य मंदिर जैन दादाबाड़ी में होगा। चातुर्मास में सभी धर्मप्रेमी महानुभाव सादर आमंत्रित हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालु इन मोबाइल नंबर 9414168966, 9829042722, 9414058465 पर संपर्क कर सकते हैं।