नवलगढ़ : विदेशी पर्यटको ने मनाया रक्षाबंधन का पर्व
नवलगढ़: नवलगढ़ भाई बहन के अटूट स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रावण मास की पूर्णिमा की तिथि पर बहिनों ने रक्षा सूत्र से भाइयों की कलाइयां सजाई। भारतीय पुरु षों की कलाइयों पर बंधी राखी देखकर विदेशी पर्यटक भी अपने आप को रोक नहीं पाए। कुछ ऐसा ही भावुक पल शनिवार को नवलगढ़ में देखने को मिला। म्यूजियम देखने पहुंचे फ्रांसिसी पर्यटक परिवार के साथ आई युवती ऐलिना ने म्यूजियम के कर्मचारियों की कलाई पर बंधी राखी के बारे में पूछा तो जानकर भावुक हो गई। ऐलिना ने खुद रक्षाबंधन मनाने की इच्छा जाहिर की तो गाइड राहुल ने राखी, मिठाई, पूजा की थाली आदि का इंतजाम किया। उसके बाद ऐलिना ने पहले साथ आए अपने सगे भाई फिलिप को तिलक लगाकर राखी बांधी। इसके बाद हवेली के कर्मचारी प्यारेलाल सैनी को भी राखी बांधकर भाई का रिश्ता जोड़ा। प्यारेलाल ने बहिन बनी ऐलिना को शगुन के रुपए व टॉफी भेंट की तो ऐलिना भावुक हो गई और प्यारेलाल से गले मिलकर बोली भैया मुझे दुबारा मौका मिलते ही मैं रक्षाबंधन पर आकर आपको फिर से राखी बांधूंगी