रजनीकांत की 'धर्मन' में नयनतारा की एंट्री, फैंस को फिर दिखेगी सुपरहिट जोड़ी
मुंबई। सुपरस्टार रजनीकांत की आने वाली फिल्म 'धर्मन' को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। अब इस फिल्म में अभिनेत्री नयनतारा की एंट्री हो गई है। उनके जुड़ने से फिल्म की स्टारकास्ट और भी खास हो गई है। फिल्म के निर्देशक अश्वथ मारिमुथु ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अभिनेत्री का स्वागत किया।
फिल्म के निर्माता राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने रविवार को नयनतारा की एंट्री का संकेत देते हुए एक पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा गया कि कुछ आंखें बिना कुछ कहे सब कुछ बयां कर देती हैं और एक करिश्माई शख्सियत आने वाली है। इसके कुछ घंटे बाद निर्देशक अश्वथ मारिमुथु ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "वेलकम ऑन बोर्ड मैम।" उन्होंने इसके साथ दिल और गले लगाने वाले इमोजी भी साझा किए।
हालांकि, नयनतारा के किरदार से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में दर्शकों को उनकी भूमिका के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
रजनीकांत के साथ फिर नजर आएंगी नयनतारा
रजनीकांत और नयनतारा की जोड़ी पहले भी बड़े पर्दे पर नजर आ चुकी है। दोनों ने 'चंद्रमुखी' (2005), 'कुसेलन' (2008), 'दरबार' (2020) और 'अन्नात्थे' (2021) जैसी तमिल फिल्मों में साथ काम किया है। 'धर्मन' के जरिए एक बार फिर दोनों कलाकारों को साथ देखने का मौका मिलेगा।
फिल्म की शूटिंग भी आगे बढ़ रही है। निर्देशक अश्वथ मारिमुथु ने सितंबर में सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी कि फिल्म का तीसरा शेड्यूल पूरा हो चुका है। इससे पहले अभिनेत्री राशी खन्ना ने मैसूर में शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें वह रजनीकांत और राम पोथिनेनी के साथ नजर आईं।
राशी ने अपने पोस्ट में मैसूर में बिताए समय का जिक्र करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान सुबह की वर्कआउट सेशन, मंदिर दर्शन, घूमना-फिरना और साथियों के साथ खेल-कूद ने उनके अनुभव को यादगार बनाया। उन्होंने मैसूर के डोसे का भी खास तौर पर उल्लेख किया।
दमदार टीम के साथ बन रही है फिल्म
'धर्मन' का निर्माण कमल हासन और आर. महेंद्रन कर रहे हैं, जबकि एस. डिज्नी सह-निर्माता हैं। फिल्म राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल और टर्मरिक मीडिया के बैनर तले तैयार हो रही है।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी लोकप्रिय संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर को सौंपी गई है। वहीं, निकेत बोम्मी सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं और प्रदीप ई. राघव संपादन विभाग की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
नयनतारा की एंट्री, रजनीकांत की मौजूदगी और अनुभवी तकनीकी टीम के चलते 'धर्मन' को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब दर्शकों की नजर फिल्म की कहानी, कलाकारों के किरदार और रिलीज से जुड़ी अगली घोषणाओं पर रहेगी।