Dark Mode
नीरज डायमंड लीग चैम्पियन के तौर पर दोहा चरण से सत्र का आगाज करेंगे

नीरज डायमंड लीग चैम्पियन के तौर पर दोहा चरण से सत्र का आगाज करेंगे

डायमंड लीग चैंपियन के रूप में पहली बार प्रतिस्पर्धा कर रहे स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शुक्रवार को होने वाली प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के पहले चरण के मुकाबले के लिए जब मैदान में उतरेंगे तो उनके सामने एक बार फिर अपने चिर-परिचित प्रतिद्वंद्वियों की चुनौती होगी। इस लंबे सत्र का आगाज डायमंड लीग के दोहा चरण से हो रहा है और नीरज इसमें दमदार प्रदर्शन कर सत्र का शानदार आगाज करना चाहेंगे। विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले इस 25 साल के खिलाड़ी के सामने यहां के कतर स्पोर्ट्स क्लब में ग्रेनाडा के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 93.07 मीटर) और चेक गणराज्य के तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता याकूब वालेच (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.88 मीटर) जैसे खिलाड़ियों की चुनौती होगी। नीरज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। वह 2018 में दोहा डायमंड लीग में अपनी इकलौती भागीदारी में 2018 में 87.43 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे थे। नीरज पिछले साल ‘समग्र फिटनेस और ताकत’ की कमी के कारण यहां हिस्सा नहीं ले सके थे। वह पिछले सितंबर में ज्यूरिख में 2022 ग्रैंड फिनाले जीतने के बाद डायमंड लीग चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय बने।

इससे एक महीने पहले वह लुसाने में डायमंड लीग मीट जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। नीरज ने पिछले महीने कहा था कि वह उस समय शारीरिक और तकनीकी रूप से बेहतर महसूस कर रहे हैं लेकिन पिछले साल यहां की बेहद कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए सत्र के शुरुआती डायमंड लीग में शीर्ष पुरस्कार जीतना उनके लिए आसान नहीं होगा। नीरज, पीटर्स और वालेच के अलावा जर्मनी के यूरोपीय चैंपियन जूलियन वेबर (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.54 मीटर), 2012 के ओलंपिक चैंपियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकोट (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.16 मीटर) और पूर्व विश्व चैंपियन एवं 2016 के ओलंपिक रजत पदक विजेता केन्या के जूलियस येगो (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 92.72 मीटर) भी खिताबी मुकाबले में चुनौती पेश करेंगे। नीरज ने प्रतियोगिता की पूर्व संख्या पर कहा, ‘‘ यह सत्र की मेरी पहली प्रतियोगिता है। जब आपके पास बड़े प्रतिस्पर्धी हों तो यह हमेशा अच्छा होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ वालेच पहले ही पोशेफस्ट्रूम (दक्षिण अफ्रीका, 18 अप्रैल को) में अपना भाला 88.38 मीटर दूर फेंक चूका है, इसलिए मुझे लगता है कि कल बड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। इसके साथ ही, दोहा 90 मीटर के थ्रो के लिए प्रसिद्ध है। इसलिए हम देखेंगे, उम्मीद है कि कल सभी को अच्छा परिणाम मिलेगा।’’ भारत के लिए एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज का लक्ष्य 90 मीटर की दूरी को छूना है।

वह सत्र की पहली प्रतियोगिता में ऐसा करने में सफल होते है या नहीं यह देखना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले साल, मैं 90 मीटर की दूरी तय करने से सिर्फ छह सेंटीमीटर दूर रह गया था। मुझे इस साल ऐसा करने की उम्मीद है लेकिन मैं खुद पर कोई दबाव नहीं डालूंगा। यह एक जादुई निशान है और 90 मीटर क्लब भालाफेंक की दुनिया में प्रसिद्ध है। मुझे इस साल इसमें प्रवेश करने की उम्मीद है।’’ दोहा मीट में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में त्रिकूद चैंपियन एल्डहोज पॉल भी चुनौती पेश करेंगे। इस स्पर्धा में तोक्यो ओलंपिक चैंपियन पेड्रो पिचार्डो , क्यूबा के डायमंड लीग विजेता एंडी डियाज हर्नांडेज और दो बार के ओलंपिक स्वर्ण विजेता (2012 और 2016) और पांच बार के विश्व चैंपियन अमेरिका के क्रिश्चियन टेलर भाग ले रहे है। पॉल का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16.99 मीटर है, ऐसे में उनके लिए शीर्ष तीन में जगह बनाना काफी मुश्किल भरा होगा। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों (बर्मिंघम) में हालांकि हवा की मदद से 17.03 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

 

 

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!