Dark Mode
नेतन्याहू का दावा, गाजा में पकड़ा गया हमास का बड़ा कमांडर

नेतन्याहू का दावा, गाजा में पकड़ा गया हमास का बड़ा कमांडर

इजरायल। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) की तारीफ करते हुए दावा क‍िया क‍ि जवानों ने हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख को उसके घर के पास से ग‍िरफ्तार क‍िया है। उन्‍होंने कहा क‍ि मेरा निर्देश स्‍पष्‍ट है कि हम हमास के सभी नेताओं और 7 अक्टूबर के नरसंहार में शामिल हर व्यक्ति का पीछा करते रहेंगे। उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट में ल‍िखा, "मैं 'शिन बेट' (इजरायली सुरक्षा एजेंसी) और इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) की सराहना करता हूं, जिन्होंने एक साहसिक अभियान में गाजा में उसके घर के पास हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख को गिरफ्तार किया।'' नेतन्याहू ने बताया क‍ि वह हमास के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक है। वह हमारे बंधकों को छिपाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने, हमास के वरिष्ठ नेताओं को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने तथा संगठन की सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने और फिर से मजबूत करने की कोशिशों के लिए जिम्मेदार था।
उन्‍होंने कहा क‍ि हाल के समय में वह गाजा में हमास के शासन को फिर से स्थापित करने के प्रयासों में शामिल था। वह गाजा पट्टी के निरस्त्रीकरण को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिशों में भी सक्रिय था। इसके अलावा, उसने हमारी सेना और नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी हमलों को अंजाम देने में भी मदद की।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बताया क‍ि मेरा निर्देश बिल्कुल स्पष्ट है, इजरायल हमास के सभी नेताओं और सात अक्टूबर के नरसंहार में शामिल हर व्यक्ति का पीछा करना जारी रखेगा। बीते दो सप्‍ताह पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज गाजा पट्टी से इजरायल की ओर भेजे जा रहे ड्रोन, गुब्बारों और पतंगों से पैदा हुए सुरक्षा खतरे पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर चुके हैं।
बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में इजरायल ने हमास को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गाजा से ड्रोन, गुब्बारों और पतंगों के जरिए हमले तुरंत नहीं रुके, तो आईडीएफ इन हमलों के जिम्मेदार लोगों पर लक्षित हमले और तेज करेगी।
सख्‍त कदम उठाते हुए रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने उस समय इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) को क‍िसी भी गुब्‍बारे या पतंग के ख‍िलाफ सख्‍त कार्रवाई के न‍िर्देश द‍िए थे। उन्‍होंने साफ क‍िया क‍ि गाजा से आने वाले क‍िसी भी गुब्‍बारे या पतंग को ड्रोन ही माना जाएगा, फ‍िर चाहे उसमें व‍िस्‍फोट हो या न हो।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!