टाउन हॉल में आयोजित हुआ नव मतदाता सम्मेलन
-
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन
बालोतरा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने गुरुवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर नगर परिषद के टाउन हॉल में आयोजित "नव मतदाता सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम" में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने स्थानीय नव मतदाताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना और युवाओं के साथ देश के लोकतंत्र में अपना अमूल्य योगदान विषय पर संवाद किया।
नव मतदाता युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि आपका एक वोट और देश के विकास की दिशा दोनों आपस में जुड़े हुए हैं। आपका एक वोट, भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा। आपका एक वोट, भारत में एक स्थिर और बड़े बहुमत वाली सरकार लाएगा। साथ ही आपका वोट देश के गौरवशाली और सांस्कृतिक इतिहास को सशक्त करेगा। यह केवल आपके वोट के ताकत से चुनी गई पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार ही कर सकती है।