श्रीडूंगरगढ़ में सडक़ किनारे नवजात शिशु को कपड़े में लपेट कर मरने के लिए छोड़ दिया
बीकानेर। बीकानेर में हाल ही में पीबीएम में बच्ची को जन्म देकर मां के गायब होने का मामला अभी शांत ही नहीं हुआ है कि एक बार फिर किसी ने कलेजे के टुकड़े को कपड़े में लपेट कर सडक़ किनारे उसको मरने के लिए छोड़ देेने का मामला सामने आया है। दरअसल, मामला जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस को 28 मई को पौने चार बजे के आसपास एक कपड़े में लिपटा हुआ नवजात शिशु सडक़ किनारे पड़ा मिला है। पुलिस के मुताबिक यह नवजात शिशु कालू रोड के किनारे कपड़े में लिपटा हुआ मिला। जो कि जिंदा था। पुलिस के मुताबिक माता-पिता या संरक्षक ने संभवतया अपनी पहचान छुपाने के लिए नवजात को लावारिश स्थिति में छोड़ दिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरहाल इलाज के दौरान अस्पताल में नवजात ने दम तोड़ दिया है।