Dark Mode
एनएचएआई ने की 'ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026' की घोषणा: राजस्थान के राजमार्ग को मिला तीसरा स्थान

एनएचएआई ने की 'ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026' की घोषणा: राजस्थान के राजमार्ग को मिला तीसरा स्थान

जयपुर: राजस्थान के राजमार्ग-925 के गगरिया-बाखासर खंड और एनएच-925ए के सट्टा-गंधव खंड प्रोजेक्ट ने एनएचएआई ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 की एवेन्यू प्लांटेशन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस अवॉर्ड की घोषणा की। इन पुरस्कारों का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना में सतत हरित प्रथाओं को अपनाने में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है इस श्रेणी में आंध्र प्रदेश में एनएच-16 पर चिलकलूरिपेट बाइपास के छह लेन प्रोजेक्ट को पहला स्थान मिला। गुजरात के डोदरा-किम एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट ने दूसरा स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सतत हरित प्रथाओं और स्वस्थ पोधारोपण को बढ़ावा देने एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने ‘ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवार्ड्स’ की स्थापना की जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर हरित एवं पौधारोपण प्रबंधन में बेहतरीन प्रथाओं को मान्यता देना है। ‘ग्रीन हाईवेज़ एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026’ के विजेताओं की घोषणा तीन श्रेणियों में की गई जिनमें सड़क के किनारे पौधारोपण, सड़क के बीच पौधारोपण और भूखंड में पौधारोपण सहित क्लोवर लीव्स, इंटरचेंज, टोल प्लाज़ा एवं सर्विस एरिया में पौधारोपण शामिल हैं। इसमें शामिल होने के लिए एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालयों, रियायत धारकों, ठेकेदारों, सरकारी एजेंसियों, गैर-सरकारी संगठनों और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के साथ वृक्षारोपण परियोजनाओं में शामिल निजी एजेंसियों से प्रविष्टियां मंगायी गई थीं। एनएचएआई के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पुरस्कारों के लिए नामांकन मंगाए गए थे। एनएचएआई को 'ग्रीन हाईवेज़ एक्सीलेंस अवॉर्ड्स' के लिए देश भर से 86 नामांकन प्राप्त हुए, जो एक उत्साहजनक परिणाम था। इनमें सड़क के किनारे पौधारोपण के लिए 27, सड़क के बीच पौधारोपण के लिए 36 और भूखंड में पौधारोपण के लिए 23 नामांकन शामिल थे। नामांकन के साथ प्रेजेंटेशन भी दी गई थीं जिनमें जियो-टैग की गई तस्वीरें, ड्रोन वीडियो, साइट के हिसाब से पौधारोपण योजना और पौधों के जीवित रहने की दर का डेटा शामिल था। प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद, 15 नामांकनों, प्रत्येक श्रेणी में पांच- पांच, को अंतिम मूल्यांकन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। मूल्यांकन एक व्यापक आकलन संरचना के अंतर्गत किया गया, जिसमें बागानों के जीवित रहने की दर को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया। अन्य मापदंडों में साइट-विशिष्ट पौधारोपण कार्य योजना, पौधारोपण कार्यों का समय, गड्ढों का आकार, रोपण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा उपाय, अनुमोदित डिजाइन के अनुसार कार्यान्वयन, प्रजातियों की विविधता, उपयुक्तता एवं मूल प्रजातियों का उपयोग शामिल था। विशेष ध्यान राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में व्यापक स्तर पर दोहराए जाने की गुणवत्ता, स्थिरता, प्रभावशीलता और संभावना पर दिया गया। एनएचएआई ने ‘ग्रीन हाईवेज़ एक्सीलेंस अवार्ड्स’ की शुरुआत 2025 में की थी, जैसा कि ग्रीन हाईवेज़ पॉलिसी, 2015 में तय किया गया था। ये पुरस्कार पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विकास के साथ-साथ पर्यावरण की स्थिरता को बनाए रखने के प्रति एनएचएआई की प्रतिबद्धता को मज़बूत करते हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!