Dark Mode
सहनवा में लगी रात्रि शिक्षा चौपाल, सुनी गईं समस्याएं

सहनवा में लगी रात्रि शिक्षा चौपाल, सुनी गईं समस्याएं

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सहनवा में सोमवार रात रात्रिकालीन शिक्षा चौपाल आयोजित हुई। जिले और ब्लॉक लेवल शिक्षा अधिकारियों की उपस्थिति में ही इस रात्रि चौपाल मे ग्रामीणों और शिक्षकों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत जरूरतों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए तथा विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, सरकारी योजनाओं और तकनीक का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

चौपाल से पूर्व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र के तीन विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने राउमावि सहनवा, जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) घनश्याम लाल गौड़ ने राउप्रावि पंचतोली तथा डाइट प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार शर्मा ने राउमावि बोजुंदा का निरीक्षण किया।

चौपाल में सीडीईओ प्रमोद दशोरा ने विद्यार्थियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ऑनलाइन शिक्षा एवं इंटरनेट का सदुपयोग करने के साथ खेलकूद व सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। डीईओ घनश्याम लाल गौड़ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नियमित अध्ययन, विद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और टॉयलेट प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिए। सीबीईओ शम्भूलाल सोमानी ने विद्यालय में नामांकन बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आह्वान किया।

संस्था प्रधान कैलाशचन्द धाकड़ ने विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कंप्यूटर, खेल सामग्री की आवश्यकता तथा खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। इस दौरान पीईईओ क्षेत्र के कर्मचारियों ने विद्यालय विकास के लिए 18,500 रुपए की आर्थिक सहयोग राशि भेंट की। कार्यक्रम के अंत में राउमावि सहनवा के संस्था प्रधान कैलाश चंद्र धाकड़ ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

 

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!