निकी हेली ने इजराइली हथियारों पर लिखा-अमेरिका लव्स इजराइल
न्यूयॉर्क। भारतीय मूल की अमेरिकी नेता निक्की हेली ने इजराइली हथियार पर ऑटोग्राफ दिया है। लेबनान के साथ इजराइल की उत्तरी सीमा का दौरा करते हुए उन्होंने आर्टिलरी शेल्स पर ‘फिनिश देम’ यानी "उन्हें खत्म कर दो" लिखा। साथ ही उन्होंने इस पर अमेरिकी लव्स इजराइल लिखकर अपना सिग्नेचर भी किया है।
संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के पूर्व राजदूत और सांसद डैनी डेनन इस दौरान निक्की हेली के साथ थे। उन्होंने ये तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। इस पोस्ट में हेली को घुटनों के बल बैठकर बैंगनी मार्कर पेन से एक शेल पर अपना सिग्नेचर करते हुए दिखाया गया है।
निक्की हेली ने ऐसे समय में हथियार पर अपना साइन किया है, जब राफा में इजराइली सेना के हमलों को लेकर इजराइल की आलोचना हो रही है। रविवार को इजराइली सेना के हमले में राफा के रिफ्यूजी कैंप में रह रहे 45 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। रिकॉर्ड के मुताबिक, अब तक के युद्ध में गाजा में करीब 36,096 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इसमें से करीब 15,000 बच्चे हैं।
निक्की हेली गाजा में इजराइल की आक्रामकता का समर्थन करने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने इजराइल को किए जाने वाले हथियारों की सप्लाई रोकने जैसी कार्रवाई के लिए जो बाइडेन प्रशासन की आलोचना भी की है। इसके अलावा निक्की हेली ने इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) और इंटरनेशनल कोर्ट ऑफि जस्टिस (ICJ) की भी आलोचना की है। ये संगठनों के अधिकारी इजराइली पीएम नेतन्याहू की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।