कलश यात्रा के साथ हुआ नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ
बून्दी। श्री अभयनाथ महादेव मंदिर विकास समिति एवं महिला मण्डल गुरुनानक कॉलोनी के तत्वाधान में नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ का आगाज शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।कलश यात्रा में सबसे आगे घोड़े पर ध्वज लेकर राहुल भूटानी चल रहे थे। उसके पीछे बैण्ड बाजे वाले भगवान शिव के भजनों की स्वर लहरियां बिखेरते हुए चल रहे थे। जिस पर महिला पुरुष नाचते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा में शिव महापुराण कथा को ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अजय त्यागी अपनी पत्नी सीमा त्यागी के साथ सिर पर लेकर चल रहे थे। वहीं एक बग्गी में कथावाचक आचार्या पूनम किशोरी तीर्थराज प्रयागराज इलाहाबाद सवार थी।यह कलश यात्रा रेतवाली महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई जो लंकागेट रोड़, सिंधी कॉलोनी, गुरुनानक कॉलोनी होते हुए कथा स्थल अभयनाथ महादेव मंदिर पहुंची। कलश यात्रा में सजी-धजी 101 महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थी। वही बड़ी संख्या में महिला पुरुष भगवान शिव का जयघोष करते हुए चल रहे थे। गुरुनानक कॉलोनी स्थित अभयनाथ महादेव मंदिर परिसर पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ श्री शिव महापुराण ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन आचार्या पूनम किशोरी ने शिव महापुराण कथा महात्मय का वर्णन करते हुए रुद्राक्ष चरित्र, बिल्व पत्र, भस्मी, आंकडे की डोडी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जो भी भगवान शिव की कथा सुनता है उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर ओम प्रकाश गर्ग ( मावा वाले ), पार्षद माला भूटानी, भावना गौतम, निरंजन गुप्ता, पूर्व पार्षद संजय भूटानी, गणेश राठौर, जितेंद्र सिंह आमेरा, अनिल शर्मा, प्रदीप भारद्वाज, संजीव उपाध्याय, एमएल मिश्रा, सूर्यप्रकाश शर्मा, चंद्रप्रकाश शर्मा, प्रवीण नामा, इन्द्रा शर्मा, सीमा शर्मा, प्रियंका उपाध्याय, ममता व सुमन मेंहदीरत्ता, शिवांगी शर्मा, कौशल्या भारद्वाज, माया देवी, कमला सिखवाल, किरण नामा, कविता भूटानी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे।