चोरी के जेवरात बरामदगी के लिये कोतवाली इलाके में आई नोखा पुलिस
बीकानेर। शहर के कोतवाली इलाके में गुरूवार की दोपहर नोखा पुलिस की टीम को देखकर इलाके के सर्राफा जगत में हलचल सी मच गई। एसआई भोलाराम की अगुवाई में पहुंची नोखा पुलिस टीम यहां चोरी के जेवरात बरामदगी के सिलसिले में आई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों नोखा पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर चोरों ने चोरी के जेवरात बीकानेर में कोतवाली इलाके के एक ज्वैलर्स को बेचे थे । इसका खुलासा होने के बाद पुलिस ने कोतवाली इलाके के ज्वैलर्स मूलचंद सोनी और जेवरात गलाने वाले एक मराठा कारीगर को निगरानी में लेकर पूछताछ की। थाना पुलिस की टीम देर शाम तक कोतवाली थाने में चोरों की मौजूदगी में मूलचंद सोनी और मराठा कारीगर से पूछताछ में जुटी थी। जानकारी में रहे कि नोखा पुलिस ने तीन दिन पहले कस्बे में चंपालाल लाहोटी के मकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश कर शातिर नकजबन सुरेश सिंह उर्फ सूर्या,महावीर भार्गव और रामदयाल सोनी को हिरासत में लिया था। पूछताछ में तीनों नकबजनों में इलाके में हुई चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है।