Dark Mode
अब हर भर्ती के जॉइनिंग लेटर सीएम भजनलाल देंगे

अब हर भर्ती के जॉइनिंग लेटर सीएम भजनलाल देंगे

2 महीने में होंगे समारोह, 29 जून को 7000 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

जयपुर : प्रदेश में अब सरकारी नौकरी में चयनित होने वाले युवाओं को हर बार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जॉइनिंग लेटर देंगे। हर नई भर्ती में सिलेक्ट हुए युवाओं को जॉइनिंग लेटर देने के लिए बड़े समारोह किए जाएंगे। सीएम भजनलाल जयपुर या किसी एक जिले में खुद जॉइनिंग लेटर देंगे और बाकी जगहों से चयनित युवा वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) के जरिए जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री के हाथों जॉइनिंग लेटर देने की शुरुआत 29 जून से होगी। 29 जून को सुबह 11 बजे जयपुर में मानसरोवर के टैगोर स्कूल ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय समारोह में सीएम भजनलाल सरकारी नौकरी में चयनित युवाओं को जॉइनिंग लेटर देंगे। इसके साथ सीएम भजनलाल शर्मा का बधाई पत्र और एक बुकलेट भी दी जाएगी। 29 जून को करीब 7 हजार युवाओं को जॉइनिंग लेटर मिलेंगे।


कर्मचारी को एहसास हो कि वो बड़े परिवार का हिस्सा है

मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा- सरकार आने के बाद 20 हजार से ज्यादा भर्ती की जा चुकी है। इस बार नई शुरुआत की जा रही है। 29 जून को हर जिले में कार्यक्रम करेंगे। इसमें नवनियुक्त कर्मचारियों को बुलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री उन्हें बुला रहे हैं। एक बुकलेट और बधाई पत्र उन्हें दिया जाएगा।

जो भी नवनियुक्त कर्मचारी आ रहे हैं, उनको पहले दिन से यह महसूस हो कि वे बड़े परिवार का हिस्सा हैं। इस समारोह के जरिए उन्हें यह एहसास होगा कि उनके दायित्व क्या हैं? उनका किस तरह का व्यवहार हो, किस दिशा में चलना है, यह सब बोध होगा। सीएम की मंशा है कि अब जब भी नए कर्मचारियों की भर्ती हो, जब 5 हजार कर्मचारी इकट्ठे हो जाएं तो समारोह करके जॉइनिंग लेटर दिए जाएं। हर महीने-दो महीने में जॉइनिंग लेटर दिए जाएंगे।

सीएम बोले- कर्मचारियों की समस्या, हमारी समस्या

सचिवालय कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह में आज सीएम भजनलाल ने कहा कि हमारे कर्मचारियों ने प्रदेश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दिया है। सचिवालय के कर्मचारियों का विशेष योगदान है। पहले जिस फाइल को 30 घंटे से ज्यादा वक्त लगता था, अब वो समय घटकर ढाई तीन घंटे रह गया है।

सीएम ने कहा कि कर्मचारियों की समस्या हमारी समस्या है। कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं का हम प्राथमिकता से समाधान करेंगे। हमें भ्रष्टाचार से दूर रहकर जनसेवा करनी है। भ्रष्टाचार सिस्टम को ही नहीं, व्यक्ति के जीवन को भी खराब करता है। हमें भ्रष्टाचार मुक्त शासन देना है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!