मजदूरी नहीं मिलने पर नरेगा कर्मियों ने किया प्रदर्शन
बहरोड़। नगरपालिका बर्डोद में नरेगा कर्मियों को कई महीनों से भुगतान नहीं मिलने पर मंगलवार को उनका सब्र का बांध टूट गया और मजदूरी भुगतान की मांग करते हुए नगरपालिका कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। मजदूरों ने चेयरमैन पूजा निभोरिया एवं अधिकारियों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। नरेगा कर्मियों का कहना है कि भुगतान नहीं मिलने के कारण उनका परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। अगर एक सप्ताह में भुगतान नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार कर नपा कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। नरेगा कर्मियों का आरोप है कि दो-तीन महीने से भुगतान नहीं मिला है और नगरपालिका कार्यालय में कोई सुनता नहीं है। वहीं पार्षदों ने आरोप लगाया कि चेयरमैन भ्रष्टाचारी ईओ लाने के लिए बार इनकी बदली करवा रही है। जिससे समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा है।