सेवा, मानवता और संवेदना का पर्याय हैं नर्स — विधानसभा अध्यक्ष
जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देशभर की समस्त नर्सिंग कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्स स्वास्थ्य व्यवस्था की आत्मा हैं, जो अपने समर्पण, करुणा और सेवा भाव से असंख्य लोगों के जीवन में आशा का संचार करती हैं। देवनानी ने कहा कि किसी भी रोगी के उपचार में चिकित्सकों के साथ नर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे केवल दवाइयों और उपचार तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि अपने स्नेह, धैर्य और मानवीय संवेदनाओं से मरीजों को मानसिक शक्ति भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महामारी और आपदा के कठिन समय में नर्सिंग समुदाय ने जिस साहस, त्याग और सेवा का परिचय दिया, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। देवनानी ने कहा कि नर्स सेवा भावना का सशक्त प्रतीक है। वे दिन-रात मानव जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहकर समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में नर्सिंग समुदाय का योगदान सदैव महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सभी नर्सिंग कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सेवा-संकल्प की शुभकामनाएं दी है।