नर्सेज का धरना तेरहवें दिन भी जारी- नर्सिंग टीचर्स बैठे धरने पर
एक अगस्त को नर्सेज करेंगे दो घंटे का कार्य बहिष्कार
सीकर । कल्याण राजकीय चिकित्सालय में नर्सेज का अपनी मांगों को लेकर दिया जा रहा धरना आज तेरहवें दिन भी बदस्तूर जारी रहा । आज के धरने में कल्याण नर्सिंग कॉलेज एवं स्कूल से सम्बद्ध नर्सिंग टीचर्स धरने पर बैठे । धरने के तेरह दिन होने के बाद भी नर्सेज के आंदोलन के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता को धरने पर बैठे नर्सिंग टीचर्स ने दुर्भाग्य पूर्ण बताते हुए नर्सेज की मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के जिला संघर्ष संयोजक सुखवीर गोरा, सीताराम जांगिड़ तथा महिला संघर्ष संयोजिका मनोरमा थपलियाल ने संयुक्त बयान जारी करते हुए बताया की नर्सेज की जायज मांगों के समर्थन में सीकर जिले के नर्सेज द्वारा धरना दिया जाना लगातार जारी है । सरकार द्वारा नर्सेज की मांगों की अनदेखी से राज्य भर के सभी जिलों के नर्सेज में नाराजगी बढ़ती जा रही है । हमारा सरकार से आग्रह है कि शीघ्रताशीघ्र सक्षम स्तरीय निर्णायक वार्ता आयोजित करवा कर नर्सेज आन्दोलन का समाधान करवाया जाए । ताकि नर्सेज को प्रान्तीय आह्वान पर 1 अगस्त 2023 से जिलों में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्रों से जिला चिकित्सालयों एवम मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय तक सामूहिक विरोध प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार, सामूहिक अवकाश तथा प्रांतीय रैली हेतु जयपुर कूच एवं अनिश्चितकालीन अवकाश जैसे कठोर चरण अपनाने के लिए बाध्य नहीं होना पडे एवं आमजन को भी नर्सेज आन्दोलन से असुविधा का सामना नहीं करना पडे । संघर्ष समिति के प्रवक्ता राम निवास चाहर तथा नरेश लमोरिया ने बताया की आज का धरना कल्याण नर्सिंग कॉलेज के मनोरमा थपलियाल, नन्द किशोर, फारूक जाटू, मदन लाल कुमावत, प्रताप सिंह यादव, राजेन्द्र सैनी, नोपाराम, शिशुपाल, वीरेंद्र सिंह, महेश कुमार जांगिड़, सपना पारीक, मंजू, सजना देवी, गायत्री मलिंडा, गितिका कुमावत की अगुवाई में दिया गया, धरना दिए जाने के अवसर पर सैंकड़ों नर्सेज कर्मी उपस्थित रहे।