कार्यो के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों पर होगी
अनुशासनात्मक कार्यवाही: जिला कलक्टर
सवाई माधोपुर । जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने पंचायत समिति सभागार बामनवास में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कार्मिकों, आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित कर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीकरण की स्थिति जानी। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की प्रगति समीक्षा करते हुए पंजीकरण में आने वाले समस्याओं को सुन विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने बैठक में सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन पर पहुंचाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी या कार्मिक कार्यो के प्रति लापरवाही, उदासीनता बरतेगा उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं के कार्यो को पूर्ण गुणवत्तापूर्ण करवाने, नगर पालिका क्षेत्र बामनवास की साफ-सफाई दुरूस्त करवाने, नालियों की साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश प्रदान किए।
बैठक में तहसीलदार ब्रजेश सिहरा, ब्लॉक के सीएमएचओ नन्द किशोर बोहरा सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।