राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी
श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बजट घोषणा वर्ष 2026 के अंतर्गत जिन परियोजनाओं के लिए भूमि की आवश्यकता है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त भूमि का चयन एवं प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, नामांतरण, सीमांकन, रास्ता प्रकरण, भूमि विवाद, न्यायालयीन प्रकरणों तथा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर दर्ज मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने सीएम थार योजना एवं डीएमएफटी के अंतर्गत संचालित कार्यों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेंशन वेरिफिकेशन कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा क्रॉप कटिंग प्रयोगों के दौरान फील्ड स्तर पर निरीक्षण करने को कहा। बैठक में ई-फाइलिंग एव आॅनलाइन पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ई-फाइलिंग, ऑनलाइन आवेदन एवं विभिन्न राजस्व पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पोर्टल पर अद्यतन स्थिति नियमित रूप से अपडेट की जाए। उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार द्वारा किये गये निरीक्षण, किसान ई-गिरदावरी रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने पीएम श्री स्कूलों एवं गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने पर भी जोर दिया। राजस्व बैठक में उन्होंने जिला स्तरीय जनसुनवाई में लंबित परिवाद, संपर्क पोर्टल, विधानसभा प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए सीएम प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय लंबित प्रकरणों को संबंधित अधिकारी अपने समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। विभिन्न न्यायालयों में चल रहे लंबित प्रकरणो को गंभीरता से देखते हुए संबंधित अधिकारी इनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री सुभाष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्रीमती रीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर अनूपगढ़ श्री अशोक सांगवान, सूरतगढ़ एडीएम श्री दीनानाथ बाबल, एसडीएम सूरतगढ़ श्री भरत जयप्रकाश मीणा, उपखण्ड अधिकारी श्रीगंगानगर श्री नयन गौतम, उपखंड अधिकारी पदमपुर श्री अजीत कुमार, उपखण्ड अधिकारी रायसिंहनगर श्री सुभाष कुमार, उपखंड अधिकारी सादुलशहर श्री रवि कुमार, उपखंड अधिकारी श्री विजयनगर श्रीमती शकुंतला, उपखण्ड अधिकारी श्रीकरणपुर श्री श्योराम, उपखंड अधिकारी घड़साना सुश्री प्रियंका, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।