पीलीबंगा ब्लॉक मीटिंग में अधिकारियों ने दिए स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के खण्ड पीलीबंगा ब्लॉक मीटिंग बैठक का आज आयोजन किया गया। पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक में सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर, एसीएमएचओ डॉ. रवि खीचड़, पीलीबंगा बीसीएमओ डॉ. मनोज अरोड़ा, चिरंजीवी डीपीसी अनीश गांधी सहित, सीएचसी-पीएचसी इंचार्ज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर ने कहा कि खसरा रूबेला उन्मूलन अभियान के तहत टीकाकरण सत्र आयोजित कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर अभियान को सफल बनाया जाएगा। खण्ड स्तर पर सभी चिकित्सकों द्वारा अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। खंड के हाईरिस्क क्षेत्रों विशेषत: ईंट-भट्ठों, कच्ची बस्तियों पर आगामी दिवसों विशेष टीकाकरण अभियान के तहत नियमित टीकाकरण सत्र लगाते हुए रिपोर्ट प्रतिदिन जिला स्तर पर प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अधिक से अधिक सर्वें एवं रजिस्ट्रेशन करवाएं जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान चिरंजीवी ईकेवाईसी कार्ड की इंश्योरेंस पॉलीसी के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन कार्मिकों ने आयुष्मान चिरंजीवी ईकेवाईसी कार्ड बनाने में कम कार्य किया है, उन्हें नोटिस देने के निर्देश दिए। एसीएमएचओ डॉ. रवि खीचड़ ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, इसलिए समस्त भुगतान पूर्ण करें एवं लक्ष्यों को अर्जित करें। बीसीएमओ डॉ. मनोज अरोड़ा ने मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना के तहत चिकित्सा संस्थानों में समुचित स्टॉक रखने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान परिवार कल्याण, मौसमी बीमारियों, ई-संजीवनी सहित अनेक कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं की रिपोर्टिंग समय अनुसार जिला एवं राज्य स्तर पर भिजवाई जाती रहे ताकि खण्ड पीलीबंगा किसी भी योजना में पिछड़े नहीं। बैठक के पश्चात सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर, एसीएमएचओ डॉ. रवि खीचड़ सहित अन्य अधिकारियों ने सीएचसी निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।