बूंदी में मतदान से पहले अफसरों ने परखी चुनावी तैयारियां
बूंदी। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत बूंदी जिले में मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को होने वाले मतदान से पहले संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल और आईजी हरेन्द्र महावर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस दौरान नगर परिषद बूंदी के साथ नगरपालिका इन्द्रगढ़, देई और केशवरापाटन में मतदान के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली गई। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पर्याप्त रोशनी, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं।
संभागीय आयुक्त ने समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों की नियमित निगरानी करने को भी कहा। खासतौर पर भ्रामक या गलत सूचनाओं पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए। इसके लिए आदर्श आचार संहिता की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को सौंपे गए दायित्व जिम्मेदारी से निभाने पर जोर दिया।
आईजी हरेन्द्र महावर ने जिला पुलिस अधीक्षक को मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दिन चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन, सेलफोन या वायरलेस का इस्तेमाल नहीं करे। इस प्रतिबंध की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव ने मतदान प्रक्रिया के लिए की गई व्यवस्थाओं और मतदान दलों से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, रिटर्निंग अधिकारी बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा सहित विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।