Dark Mode
जिला स्तरीय जनसुनवाई में 67 परिवादो का मौके पर निस्तारण

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 67 परिवादो का मौके पर निस्तारण

कोई भी परिवादी किसी भी सरकारी कार्यालय से निराश नहीं लौटे-जिला कलक्टर

 

कोटा । जिला स्तरीय जनसुनवाई जिला कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में गुरुवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र में संपन्न हुई जिसमें 195 परिवाद आए, जिसमें से नगर निगम एवं यूआईटी के 50 परिवाद थे बाकी 145 परिवाद अन्य विभागों से संबंधित थे। 67 परिवादो का मौके पर निस्तारण किया गया ।
जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी परिवादी किसी भी सरकारी कार्यालय से निराश नहीं लौटना चाहिए। जनसुनवाई में ग्रामीण क्षेत्रों से खेतों में फसल कटाई से पहले रास्ता प्राप्त करने, अतिक्रमण, सीमाज्ञान एवं पैमाइश वाले मामले ज्यादा रहे, वहीं शहरी क्षेत्रों में बिजली के बिल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, यूआईटी द्वारा तोड़े गए मकानों के मुआवजे, शहरी क्षेत्र में ड्रेनेज से संबंधित परिवाद प्राप्त हुए। जनसुनवाई में मौके पर राहत प्रदान करते हुए कोटा निवासी रामकुमार भारद्वाज के दस्तावेजों में पत्नी की जन्मतिथि को नियमानुसार परिवर्तन कराया गया, उषा शर्मा के पति की रेल दुर्घटना में मृत्यु होने के कारण मुख्यमंत्री सहायता कोष से राशि दिलवाने की प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया, कोटा निवासी भारती के पति की मृत्यु सिलिकोसिस की वजह से हो गई थी उन्हें दूसरी किस्त दिलाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देेशित किया गया।
जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में शहरी क्षेत्र में बने नाले एवं उनकी ढलान से होने वाली जल भराव की समस्याओं के लिए यूआईटी के एक्सईएन को मौके पर जाकर मुआयना करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने समस्त ब्लॉक के तहसीलदारों को निर्देशित किया कि फसल कटाई के तुरंत बाद परिवादियों के खेतों का सीमाज्ञान एवं पैमाइश का कार्य तुरंत कराया जाए। पोलाईकलां से लोकेश कुमार की शिकायत पर एनएचएआई के अधिकारी को बुलाकर उनकी समस्या का तुरंत समाधान करने के लिए पाबंद किया गया, पीपल्दा में बाढ़ पीड़ितों के भुगतान की राशि जिनके बैंक खाता नम्बर ऑनलाइन गलत चढ़ गया है उसको अविलंब सही करके समाधान करने के लिए निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों का नियमानुसार अविलंब निस्तारण कर परिवादियों को सूचित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजकुमार सिंह, शहर बृजमोहन बैरवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर प्रवीण जैन, ग्रामीण अरूण माच्या, उपायुक्त नगर निगम उत्तर गजेन्द्र सिंह, दक्षिण राजेश डागा, उप सचिव यूआईटी चन्दन दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!