Dark Mode
द हेग के समीप ट्रेन हादसे में एक व्यक्ति की मौत, कई घायल

द हेग के समीप ट्रेन हादसे में एक व्यक्ति की मौत, कई घायल

द हेग. ‘डच इमर्जेन्सी सर्विसेज’ ने बताया कि द हेग के पास मंगलवार को तड़के एक ट्रेन के आंशिक रूप से पटरी से उतर जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा करीब 30 यात्री घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत नाजुक बताई जाती है। पटरी से उतर जाने के बाद ट्रेन का एक डिब्बा बगल में खेत में जा गिरा। टेलीविजन पर प्रसारित तस्वीरों में एक व्यक्ति को ट्रेन तक पहुंचने के लिए रेलमार्ग के साथ बह रही एक नहर को पार करने के वास्ते अस्थायी पुल का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। घायलों का रेल मार्ग के समीप स्थित मकानों में इलाज किया गया और बाद में एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की वजह का अभी पता नहीं चला है।
यह हादसा द हेग के करीब बसे वूरशोटेन शहर के समीप सुबह तीन बजकर लगभग 25 मिनट पर हुआ। वूरशोटेन के मेयर नादिन स्टेमेर्दिंक ने एक बयान में कहा, ‘‘यह बहुत दुखद घटना हैं। मेरी पीड़ितों के प्रति सहानुभूति है। दुर्भाग्यपूर्ण रूप से एक व्यक्ति की मौत हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले तथा घायल लोगों के परिवारों और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’ स्थानीय दमकल सेवा की प्रवक्ता इंग्रिद डी रोस ने बताया कि ट्रेन के पीछे की ओर आग लगी लेकिन उसे फौरन बुझा दिया गया। रेल नेटवर्क कंपनी प्रो रेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉन वोपेन ने हादसे को ‘‘डच रेलवे के लिए काला दिन बताया और कहा कि हादसे की वजह की जांच की जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!