20 हजार से कम में OnePlus! नई N सीरीज की एंट्री की चर्चा तेज
New Dehli : भारतीय स्मार्टफोन बाजार में OnePlus जल्द ही एक नया दांव खेल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी अपनी नई N सीरीज को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो खासतौर पर बजट सेगमेंट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है। माना जा रहा है कि यह सीरीज अगले महीने भारत में दस्तक दे सकती है।
अब तक OnePlus की पहचान प्रीमियम और मिड-रेंज स्मार्टफोन्स के लिए रही है, लेकिन नई N सीरीज के जरिए कंपनी कम कीमत वाले बाजार में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। इस कदम से उन ग्राहकों को आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा जो सीमित बजट में बेहतर फीचर्स और भरोसेमंद ब्रांड की तलाश करते हैं।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कंपनी केवल एक स्मार्टफोन नहीं बल्कि N सीरीज के तहत कई मॉडल्स पेश कर सकती है। इन डिवाइसेज को अलग-अलग कीमत और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाने की संभावना है, जिससे OnePlus को ज्यादा व्यापक ग्राहक वर्ग तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
नई सीरीज को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसकी संभावित कीमत को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि कुछ मॉडल्स की शुरुआती कीमत 20 हजार रुपये से कम हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह OnePlus के लिए एक नया प्राइस सेगमेंट होगा, जहां अभी उसकी उपस्थिति काफी सीमित है।
फिलहाल भारतीय बाजार में कंपनी का सबसे किफायती स्मार्टफोन Nord CE 6 Lite माना जाता है, जिसकी शुरुआती कीमत 20 हजार रुपये से थोड़ी अधिक है। ऐसे में N सीरीज इस सीमा को और नीचे ले जाकर बजट खरीदारों को आकर्षित कर सकती है।
हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर लॉन्च डेट, फीचर्स या स्पेसिफिकेशन्स की पुष्टि नहीं की है। लेकिन टेक जगत में चल रही चर्चाओं के अनुसार OnePlus जल्द ही इस नई सीरीज को लेकर बड़ा ऐलान कर सकता है।
यदि ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो भारतीय स्मार्टफोन बाजार में बजट सेगमेंट की प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है, जहां पहले से कई ब्रांड ग्राहकों को लुभाने के लिए लगातार नए विकल्प पेश कर रहे हैं।