श्रीकोलायत में चल रही थी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी, पुलिस ने दबोचे दो बुकी
बीकानेर। जिला पुलिस की स्पेशल टीम और कोलायत पुलिस ने रविवार की रात श्रीकोलायत कस्बे के एक मकान में दबिश देकर आईपीएम मैचों पर सट्टेबाजी करते दो बुकियों का धर दबोचा। जानकारी के अनुसार जिला पुलिस की स्पेशल टीम को इत्तला मिली थी कि कोलायत में शिव माली के मकान में क्रिकेट सट्टेबाजी की बुक चल रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने देर रात मकान में दबिश देकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करते बीकानेर की किराडू गली निवासी जितेन्द्र किराडू पुत्र मितेश किराडू और सुजानदेसर निवासी जुगल गहलोत पुत्र गोपाल गहलोत को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से ऑनलाईन क्रिकेट सट्टेबाजी में प्रयुक्त दस लाईन की एक पेटी, दो लैपटॉप, सोलह मोबाइल,नब्बे लाख रूपये की हिसाब का रिकॉर्ड,एक रिकॉर्डर जब्त किया। पुलिस की इस कार्यवाही से इलाके में हडक़ंप सा मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई । बताया जाता है कि सट्टेबाजी की सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस की स्पेशल टीम रविवार देर शाम ही श्रीकोलायत पहुंच गई थी। गिरफ्त मे आये क्रिकेट बुकियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इन्होने बीकानेर के एक नामी क्रिकेट बुकी से ऑनलाईन सट्टेबाजी की लाईन ले रखी थी। कार्यवाही करने वाली टीम में जिला पुलिस की स्पेशल टीम के एएसआई रामकरण, हैड कांस्टेबल अब्दूल सत्तार, हैड कांस्टेबल महावीर प्रसाद, हैड कांस्टेबल, कानदान सांदू,कांस्टेबल लखविन्दर सिंह शामिल थे।