Dark Mode
सिर्फ ब्रायन लारा थे जिन्हें हमारे सेमीफाइनल में पहुंचने का यकीन था : राशिद खान

सिर्फ ब्रायन लारा थे जिन्हें हमारे सेमीफाइनल में पहुंचने का यकीन था : राशिद खान

किंग्सटाउन। दो महीने पहले ब्रायन लारा ने अफगानिस्तान के टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना जताई थी तो कइयों को हैरानी हुई लेकिन यह करिश्मा कर दिखाने वाली टीम के कप्तान राशिद खान ने उनसे वादा किया था कि वह उनके भरोसे पर खरे उतरकर दिखायेंगे। और ऐसा ही हुआ। काबुलीवाला की कहानी वाले युद्ध से जर्जर इस देश की यह कामयाबी अब क्रिकेट की किवदंतियों का हिस्सा होगी। अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को सुपर आठ चरण के आखिरी मैच में डकवर्थ लुईस प्रणाली से आठ विकेट पर हराकर न सिर्फ पहली बार विश्व कप के अंतिम चार में जगह बनाई बल्कि आस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज को भी टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।


लारा ने मई में पीटीआई संपादकों से बातचीत में एक सवाल के जवाब में कहा था ,‘‘ वेस्टइंडीज, भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच सकते हैं। चौथे स्थान के लिये मेरा दाव एक डार्कहॉर्स अफगानिस्तान पर है। मैने ग्रुपिंग देखी नहीं है लेकिन अफगानिस्तान ने जितने विश्व कप उसने अतीत में खेले हैं, यह टीम प्रगति की राह पर है और अंतिम चार में जगह बना सकती है।’’ राशिद ने सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के बाद कहा ,‘‘ हमारे लिये सेमीफाइनल में पहुंचना सपना सच होने जैसा है। हमने न्यूजीलैंड को हराया तो यह भरोसा बनने लगा था।’’

बांग्लादेश के खिलाफ मोर्चे से अगुवाई करके चार विकेट लेने वाले राशिद ने कहा ,‘‘ सिर्फ एक ही व्यक्ति है जिसने कहा था कि हम सेमीफाइनल तक पहुंच सकते हैं और वह ब्रायन लारा हैं। हमने उन्हें सही साबित कर दिखाया। जब हम स्वागत पार्टी में उनसे मिले तो मैने उनसे कहा था कि हम आपके भरोसे पर खरे उतरेंगे।’’ सेमीफाइनल में 27 जून को अफगानिस्तान का सामना दक्षिण अफ्रीका से और भारत की टक्कर इंग्लैंड से होगी। तेज गेंदबाज नवीनुल हक और फजलहक फारूकी ने पूरे टूर्नामेंट में नयी गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। राशिद ने कहा ,‘‘टी20 क्रिकेट में अच्छी शुरूआत से बीच के ओवरों में मदद मिलती है। पूरे टूर्नामेंट में इन दोनों ने शानदार शुरूआत दी जिससे हमारी राह आसान हो गई।’’

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!