महंगाई के दौर में कांग्रेस ही दे सकती है राहत की गारंटी : भगोरा
पूर्व सांसद ने किया ढूंढी एवं माना का देव में महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण
डूंगरपुर। पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने कहा है कि प्रदेश की गहलोत सरकार जनराहत के लिए समर्पित सरकार साबित हो रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ऐतिहासिक एवं शानदार योजनाएं एवं विकास की सौगातें देकर प्रदेश को तरक्की एवं प्रगति के पथ पर रफ्तार दी है और प्रदेशवासियों को जनहितैषी सरकार का अहसास कराया है। पूर्व सांसद भगोरा सोमवार को पंचायत समिति चीखली की ग्राम पंचायत ढूंढी तथा पंचायत समिति सीमलवाड़ा की ग्राम पंचायत माना का देव में महंगाई राहत शिविर को संबोधित कर रहे थे। पूर्व सांसद के साथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियकांत पण्ड्या, ब्लाक अध्यक्ष सुरेश भोई, डूले सिंह, पंचायत समिति सदस्य महेंद्र भगोरा रहें। शिविरों में भगोरा ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया और महंगाई राहत कैंप में दस योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने लाभार्थियों को गारंटी वाले कार्ड भी सौंपे।
भगोरा ने कहा कि प्रदेश मे चौतरफा राहत की गूंज है। मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृृत्व में कांग्रेस राज में लोककल्याण का सपना साकार हो रहा है। सीएम गहलोत ने अपने तीसरे कार्यकाल में जनराहत के कामों की कोई कमी नहीं रखी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ऐसी पहली सरकार है जिसने महंगाई के दौर में जनराहत की सोच को साकार किया है। भगोरा ने कहा कि महंगाई के दौर में केवल कांग्रेस पार्टी की सरकार ही राहत की गारंटी दे सकती है। सीएम गहलोत ने प्रदेशभर में महंगाई राहत कैंप चलाकर जनराहत की मिसाल कायम की है। भगोरा ने कहा कि भाजपा ने महंगाई को बढ़ावा दिया और कांग्रेस ने महंगाई के दौर में भी राहत दी। महंगाई राहत कैंप में गैस सिलेंडर ५०० रूपए में दिया जा रहा है। पशुओ का बीमा, मुख्यमंत्री चिरंजीवी बीमा, दुर्घटना बीमा, सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन जैसे बड़े काम राहत बरसा रहे है। शिविर में विकास अधिकारी जयेश पाटीदार, भवानी सिंह नैनसावा, रूपशंकर पाटीदार तथा अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।