शिक्षा से ही समाज मे आएगा बदलाव - जसप्रीत सिंह संधू
फलोदी . सौर्य ऊर्जा कम्पनी ऑफ राजस्थान लिमिटेड के सहयोग से दूसरा दशक द्वारा संचालित आंगनबाड़ी सम्बल कार्यक्रम के तहत दो आंगनबाड़ियों को मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। मॉडल आंगनबाड़ी चुड़ों की बस्ती, भड़ला का फलोदी जिले के नवनियुक्त ओएसडी जसप्रीत सिंह संधू (आईएएस) ने अवलोकन किया। उन्होंने मॉडल आंगनवाड़ी पर होने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी ली।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चिरमी ने केंद्र पर स्थापित सीखने के पांच कॉर्नर्स पुस्तकालय, दवाखाना, गुड़िया का घर, स्थानीय सामग्री तथा चित्रकला के बारे में जानकारी दी।
ओएसडी जसप्रीत सिंह संधू ने कहा कि समुदाय तथा परिवार के लोगों की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को शिक्षा हासिल करने के लिए पहले आंगनवाड़ी तथा उसके बाद स्कूल भेजें। शिक्षा से ही समाज मे बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी पर स्थापित सीखने के विभिन्न कॉर्नर्स से बच्चों का मानसिक विकास होता है। आप लगातार इनका सहयोग करेंगे तो ये छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई में आगे बढ़ेंगे तथा इनका भविष्य उज्ज्वल होगा। पढ़ाई से ही बच्चे डॉक्टर , इंजीनियर व अन्य सेवाओं में जाएंगे तथा ये ही बच्चे वापिस आ कर अपने समाज, अपने गांव में सेवाएं देंगे और अन्य बच्चों के लिए उदाहरण पेश करेंगे।
दूसरा दशक परियोजना निदेशक मुरारीलाल थानवी ने केंद्र पर होने वाली अन्य गतिविधियों तथा समुदाय के लोगों द्वारा किये जा रहे सहयोग के बारे में बताया। इस दौरान सौर्य ऊर्जा से मनोज व्यास, अमरू चौधरी, वॉकहार्ड फाउंडेशन के मैनेजर भोमराज सुथार, बिलावल खान, सेंती खातून, आदि मौजूद रहे।