रक्तदान दिवस पर रक्तदाता जागरूकता अभियान का किया आयोजन
डीडवाना . राजकीय बाँगड़ चिकित्सालय ब्लड सेण्टर में रक्तदान शिविर एवम् रक्तदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। युवाओं को रक्तदान के लिए जागरूक करते हुए ब्लड सेण्टर कि चिकित्सा प्रभारी डॉ शिप्रा सिंह ने कहा की 18 से 60 वर्ष का हर स्वस्थ व्यक्ति जिसका वजन 55 किलोग्राम से अधिक हो और हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम% से ऊपर हो, रक्तदान कर सकता है। ब्लड सेण्टर के तकनीकी अधिकारी अमरीश माथुर ने बताया की रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है बल्कि शरीर में नई रक्त कणिकाओं के बनने कि गति तेज हो जाती है इसलिये प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। इससे आप स्वयं भी स्वस्थ बने रहेंगे और साथ ही किसी गम्भीर रोगी की जान भी बचा सकेंगे। बाँगड़ चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ धनराज चौधरी ने सभी रक्तदाताओं और पूरे वर्ष रक्तदान शिविरों का आयोजन करने वाली समस्त स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। डॉ चौधरी ने कहा की इन स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग और रक्तदाताओं के नियमित रक्तदान की बदौलत ही हम वर्ष भर ज़रूरतमन्द रोगियों को रक्त उपलब्ध करवा पाते हैं। ब्लड सेण्टर की डॉ सरिता नेत्रा ने कहा कि रक्तदाता एक बार रक्तदान करने के बाद तीन महीनों के अंतराल पर वापिस रक्तदान कर सकता है, डायबिटीज़, हृदय रोग, थायरॉइड, ट्यूबरकुलोसिस, हेपेटाइटिस आदि की बीमारी से ग्रसित व्यक्ति रक्तदान नहीं कर सकते। इस शिविर में जुनैद ख़ान कोटवाल, श्रीकान्त लाहोटी, अयान ख़ान सोनू, नवरत्न रताऊ समेत अनेकों युवकों ने रक्तदान किया। ब्लड सेण्टर के मो. शफ़ी डायर,सुधा कुमावत,इरफ़ान अली, शीतल प्रसाद गुर्जर, असग़र अली देशवाली, गोविन्दलाल आदि ने रक्त संग्रहण का कार्य किया।