आरएमजीबी में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
जोधपुर. राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बैंक अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता तथा जोधपुर शहर विधायक मनीषा पंवार के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक मनीषा पंवार ने सभी को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल दिया तथा अपने सम्बोधन में कहा कि महिला दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन करने से समाज में शिक्षा और जागृति बढ़ी है तथा महिलाओं के प्रति हमारी सोच में भी परिवर्तन आया है। महिलाओं को सम्मान की दृष्टि से देखा जाने लगा है। संविधान में महिलाओं को समानता का अधिकार प्राप्त है। बैंकिंग, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं की संख्या पहले की अपेक्षा बढ़ी है।
अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र कुमार जैन ने अपने सम्बोधन में बैंक की 716 शाखाओं की महिला स्टाफ एवं ग्राहकों को महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी। बैंक के बारे में बताते हुए कहा कि राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक में आज महिला स्टाफ की संख्या 511 है जो कुल स्टाफ का 20 प्रतिशत है। जैन ने बताया कि यदि हम एक कड़ी से कड़ी घर से समाज से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक जोड़ते चलें तो बहुत कुछ परिवर्तन लाया जा सकता है। हम हर वर्ष यह दिवस मनाते है तो अगले वर्ष हमें देखने की जरुरत है कि पिछले एक वर्ष में हम क्या परिवर्तन ले कर आये है। उसकी समीक्षा करें।
इस अवसर पर बैंक की महिला स्टाफ को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। साथ ही अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए आरजे शायना और बैंक सखी सुरता देवी सैनी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आरएमजीबी के महाप्रबन्धक सुनील चावला, एजीएम अभिमन्यु चारण, क्षेत्रीय प्रबंधक कमल सक्सेना, सचिव नगेन्द्र सिंह राठौड़ एवं प्रधान कार्यालय के विभागाध्यक्ष एवं सभी महिला अधिकारी एवं कर्मचारी और मीडियाकर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रीती कुमारी ने किया।