विभिन्न विभागों के कार्यो की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
सवाई माधोपुर । आवश्यक सेवाओं पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के कार्यो की साप्ताहिक समीक्षा तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।बैठक में अतिरक्त जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यो एवं योजनाओं की प्रगति समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्हांेंने कहा कि राज्य सरकार की जन कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभांवित किया जाए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने समस्त विभागीय अधिकारियों को बजट घोषणाओ से संबंधित भूमि आवंटित कर विस्तृत पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यो को सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट करवाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारी को प्रदान किए। उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत जिले के प्रकरणों की स्थिति से अवगत कराते हुए प्राप्त होने वाले परिवादों का विभागीय अधिकारियों द्वारा निर्धारित समयावधि में निस्तारण कर राईट्स पोर्टल पर संबंधित दस्तावेज अपलोड करवाने के निर्देश प्रदान किए।
सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज पैंडिंग प्रकरणों का समय पर करे निस्तारण:- अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बैठक में विभागवार सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज पैंडिंग प्रकरणों की जानकारी लेकर पोर्टल पर दर्ज 60 दिन पुराने प्रकरणों को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले संबंधित विभागीय अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित:- अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्य राजमार्ग पर परिवहन का संचालन बाधा रहित और यातायात नियमों की पालना करवाने हेतु टास्क फोर्स द्वारा समय-समय पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले मंे वाहन चलाते समय दुपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का वहीं चौपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग किया जाना चाहिए, ताकि अनावश्यक जान और माल की हानि से बचा जा सकें। परिवहन विभाग के उड़नदस्तों द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए गत माह में 640 चालान काटकर जुर्माना राशि वसूल की गई। उन्होंने कहा कि जिले मंे सड़क सुरक्षा को गति प्रदान करने के लिए टेक्नोलोजी बेस्ड इन्टरवेन्शन आईआरएडी एप का समुचित उपयोग, प्रभावी प्रवर्तन के लिए इंटरसेप्टर वाहनों एवं अन्य उपकरणों का उपयोग, ऑटोमेट ड्राईविंग ट्रेक ऑटोमेटेड फिटनेस सेन्टर को उपयोग हो। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्य राजमार्ग पर चयनित किए गए ब्लेक स्पोट्स को दुरूस्त करने, रोड़ लाईटों की व्यवस्था सुदृढ़ करने, अनावश्यक स्पीड ब्रकरों को हटाने आदि पर चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सहरिया, एडीपीएस रूबी अंसार, जिला खेल अधिकारी मीनू सोलंकी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द बंसल, अधीक्षण अभियन्ता सार्वजनिक निर्माण विभाग रूपनारायण बैरवा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।