तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन के अंतर्गत विद्यालयों में वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन
जयपुर । तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन के तहत 60 दिवसीय कार्य योजना की क्रियान्विति को लेकर जिले में निरंतर कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तम्बाकू के नुकसान के प्रति जागरूक करने के साथ ही चिकित्सा विभाग के समन्वय से विद्यालयों में वाद विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि राज्य सरकार की निरोगी राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने के लिए तम्बाकू मुक्त युवा कैम्पेन के तहत जिले में युवाओं में नशे की लत छुड़ाने के लिए उन्हें जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता प्रसारित की जा रही है। इसी कड़ी में चिकित्सा विभाग के समन्वय से विद्यालयों में तम्बाकू नियंत्रण विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमे छात्र छात्राएं बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। उनका उत्साह देखते ही बनता है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर तम्बाकू नियंत्रण विषय पर इसी प्रकार विद्यार्थियों की वाद विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के स्टूडेंट्स लीडर बनकर अपने आस-पास के लोगों को तम्बाकू के खतरों के प्रति जागरूक करेंगे।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोयल ने बताया कि ‘‘टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन’’ के अन्तर्गत सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के प्रावधानों की प्रभावी क्रियान्विति हेतु निदेशालय स्तर से सोशल मीडिया जागरुकता कैम्पेन आरम्भ किया गया है। इसके अंतर्गत ऑनलाईन तम्बाकू मुक्त वीडियों संदेश, ऑनलाईन तम्बाकू मुक्त युवा पेंटिंग और स्लोगन, ऑनलाईन तम्बाकू मुक्त युवा सेल्फी प्रतियोगिता, तम्बाकू मुक्त युवा जागरुकता वीडियों संदेश प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।