Dark Mode
सक्षम जयपुर अभियान के तहत हुआ आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन

सक्षम जयपुर अभियान के तहत हुआ आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर हुआ कार्यशालाओं का आयोजन — प्रशिक्षण कार्यक्रमों में दी गई सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

जयपुर। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा सक्षम जयपुर अभियान के अंतर्गत साथिनों के लिए एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यशालाओं का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यरत साथिनों को विभागीय योजनाओं, नियमों एवं अधिनियमों की अद्यतन एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाना है। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशों की अनुपालना में 12 फरवरी को पंचायत समिति मुख्यालय दूदू एवं बस्सी पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें पंचायत समिति दूदू, मौजमाबाद, फागी, माधोराजपुरा तथा बस्सी, तुंगा, आंधी एवं जमवारामगढ़ क्षेत्र की साथिनों ने सहभागिता की। उन्होंने बताया कि सक्षम जयपुर अभियान के तहत आयोजित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में वर्क फ्रॉम होम योजना, मुख्यमंत्री उद्यम प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना सहित विभिन्न महिला हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही संबंधित अधिनियमों एवं नियमों की समझ विकसित कराई जा रही है, ताकि साथिनें अपने-अपने क्षेत्र में पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। वर्क फ्रॉम होम योजना से संबंधित उद्यमी संस्थाओं को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने स्वरोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि 13 फरवरी को चौमूं पंचायत समिति मुख्यालय एवं आमेर स्थित वन स्टॉप सेंटर पर पंचायत समिति जालसू, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, शाहपुरा, आमेर एवं जमवारामगढ़ क्षेत्र की साथिनों के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। वहीं दिनांक 16 फरवरी 2026 को जोबनेर, सांगानेर एवं चाकसू पंचायत समिति मुख्यालयों पर पंचायत समिति जोबनेर, सांभर, किशनगढ़ रेनवाल, चाकसू, कोटखावदा एवं सांगानेर क्षेत्र की साथिनों के लिए आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इन कार्यशालाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को गति प्रदान करते हुए पात्र महिलाओं तक योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!