ओएसडी संधू ने किया समर्थन मूल्य खरीद केंद्र का निरीक्षण, किसानों से भी मिले
राजफैड अधिकारी व्यास ने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर नेफेड के लिए राजफैड द्वारा पूरे राज्य में समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों की खरीद की जा रही है। यह खरीद विभिन्न क्रय विक्रय सहकारी समितियों एवं ग्राम सेवा सहकारी समितियों द्वारा स्थापित खरीद केंद्रों के माध्यम से की जा रही है। व्यास ने बताया कि जोधपुर संभाग में अब तक 8000 किसानों से लगभग 65823 क्विंटल सरसों एवं 138959 क्विंटल चना समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है। फलोदी क्रय विक्रय सहकारी समिति द्वारा लगभग 429 किसानों से 8000 क्विंटल से अधिक सरसों एवं चना के समर्थन मूल्य पर खरीदे गए हैं। व्यास ने बताया कि खरीद केंद्र पर खरीद संबंधी व्यवस्थाएं सुचारू पाई गई। विशेषाधिकारी संधू ने कृषि मंडी में फसल बेचने के लिए आए किसानों से भी मुलाकात की एवं उनसे खरीद संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान फलोदी क्रय विक्रय सहकारी समिति के खरीद केंद्र प्रभारी हरि सिंह एवं कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप सिंह भी उपस्थित रहे।