Dark Mode
धनतेरस को देखते हुए पंचायत चुनाव कार्यक्रम में बदलाव

धनतेरस को देखते हुए पंचायत चुनाव कार्यक्रम में बदलाव

जयपुर। धनतेरस पर्व को लेकर धार्मिक आस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राजस्थान में पंचायत चुनाव के प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पोलिंग पार्टियों के रवानगी की तिथियों को एक दिन पहले करने का निर्णय किया है। वहीं, तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 3 नवंबर तथा पंच एवं सरपंच के लिए मतदान 5 नवंबर को ही होगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां अब 21 अक्टूबर को रवाना होंगी और 22 अक्टूबर को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच के लिए 23 अक्टूबर को नामांकन तथा 24 अक्टूबर को मतदान होगा। उप सरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को कराया जाएगा। द्वितीय चरण में पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान अब 27 अक्टूबर को होगा, जबकि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। पंच एवं सरपंच के लिए 29 अक्टूबर को नामांकन और 30 अक्टूबर को मतदान होगा। उप सरपंच का चुनाव 31 अक्टूबर को होगा। तृतीय चरण में पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 2 नवंबर को होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को मतदान, पंच एवं सरपंच के लिए 4 नवंबर को नामांकन तथा 5 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। केवल वार्ड पंचों द्वारा उप सरपंच का अप्रत्यक्ष चुनाव 6 नवंबर को पूर्वाह्न में होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि संशोधन केवल निर्धारित कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव तक सीमित है और शेष घोषित चुनाव कार्यक्रम यथावत रहेगा। आयोग ने यह निर्णय धनतेरस पर्व के दौरान धार्मिक आस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया है। राजस्थान के 37 जिलों में 50 दिन तक चुनावी प्रक्रिया जारी रहेगी। 8 अक्टूबर से 28 नवंबर तक पंचायतीराज चुनाव के अलग-अलग चरण होंगे। जयपुर में सबसे ज्यादा चार चरण में चुनाव होंगे। जैसलमेर, फलोदी और सलूंबर में एक चरण में, झुंझुनूं, करौली, सीकर, बांसवाड़ा, बीकानेर, जालोर और उदयपुर में तीन चरण और 30 जिलों में दो चरण में चुनाव होंगे। पंचायतीराज चुनावों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण है। 1.69 लाख में से आधी महिलाएं चुनकर आएंगी। 14403 ग्राम पंचायतों में 7200 महिला सरपंच और 65 हजार महिला वार्ड पंच बनेंगी। वहीं 457 में से 221 प्रधान महिला होंगी। सरपंच चुनाव में वोटिंग के दिन ही देर रात तक नतीजे घोषित होंगे। 3 अक्टूबर को पंचायत चुनावों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लग चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग 4 चरणों में चुनाव करवाएगा, केवल जयपुर जिले में ही चार चरण में चुनाव हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!