जलझूलनी एकादशी पर नगर भ्रमण को निकले पंडेर श्याम
पंडेर। उपतहसील धर्मनगरी पंडेर कस्बें में ग्रामवासियों द्वारा जलझूलनी एकादशी पर्व पर ठाकुरजी को नगर भ्रमण जलझुलन हेतु बेवाण हर्षोल्लास धूमधाम से निकाले गए। जानकारी के अनुसार जलझूलनी एकादशी सोमवार को शाम 5 बजे ग्रामवासियों ने पंडेर श्याम चारभुजानाथजी, लक्ष्मीनाथजी, रघुनाथजी, सीतारामजी, कुंजबिहारीजी, नवलश्यामजी भगवान की मूर्तियों को सुसज्जित बेवाण में विराजमान कर ठाकुरजी नगर भ्रमण को निकले। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने डीजे पर हरि कीर्तन के साथ नृत्य करते हुए छोगाला छैल के जयकारों से गांव को गुंजायमान कर दिया। वहीं लालोलाई तालाब की पाल पर गायक राकेश तिवाड़ी द्वारा हरि कीर्तन भजन के बाद मंदिर पुजारियों द्वारा सभी भगवान की मूर्तियों को शुद्ध जल से अभिषेक स्नान कर ठाकुरजी की सामूहिक संध्या आरती के बाद भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने ठाकुरजी को नाना प्रकार के फल, नारियल, प्रसाद, मिठाई, अगरबत्ती, दक्षिणा भेंट कर दर्शन कर ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में बच्चें, महिला, पुरुष, भक्तजन ग्रामवासी मौजूद रहें। इससे पहले जलझूलनी एकादशी सोमवार दोपहर को ही सभी मंदिर पुजारियों ने बेवाण को सुसज्जित सजाकर भगवान की मूर्तियों को मंत्रोच्चार के साथ बेवाण में विराजमान किया गया। शाम 5 बजे भक्तों के कंधों पर सवार होकर सभी भगवान ठाकुरजी एक साथ नगर भ्रमण जलझुलन को निकलें। इस अवसर पर भक्तजनों द्वारा डीजे पर हरि कीर्तन के साथ छोगाला छैल के जयकारों से पूरे गांव में धर्ममय माहौल हो गया। इस दौरान ठाकुरजी के दर्शन करने ग्रामवासियों की भारी तादाद में भीड़ उमड़ी। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में आयोजित विशाल श्याम भजन संध्या के बाद देर रात्रि 4 बजे सामूहिक आरती के बाद सभी भगवान बेवाण में वापस निज निज मंदिर में पधारें। वहीं रेगर समाज व बैरवा समाज द्वारा बाबा रामदेवजी महाराज का बेवाण डीजे के साथ हरि कीर्तन व जयकारों के साथ धूमधाम से निकाला गया। ग्रामवासियों द्वारा जलझूलनी एकादशी पर्व बड़े हर्षोल्लास धूमधाम से मनाया गया।