बाल निकेतन में अभिभावकों ने किया 70 इंटरेक्टिव बोर्ड का उद्घाटन
रतनगढ़ । गांधी बाल निकेतन के सभी 70 कक्षा-कक्षों में लगे इंटरेक्टिव बोर्ड का उद्घाटन विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों द्वारा आज शनिवार सुबह फीता काटकर किया गया। प्रधानाध्यापिका दीपिका शर्मा ने बताया कि उद्घाटन के परम्परागत तरीकों से हटकर इस बार एक करोड़ रूपये की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन योजना से सीधे लाभान्वित होने वालों से करवाया गया।प्रधानाध्यापिका उषा मिश्रा ने बताया कि भामाशाह प्रदीप सराफ के आर्थिक सौजन्य से सभी कक्षा कक्षों में इंटरेक्टिव बोर्ड स्थापित होना निश्चय ही बहुत बड़ी उपलब्धि है जिसे हासिल करने वाला बाल निकेतन देश का पहला विद्यालय है। उद्घाटन समारोह में बोर्ड की कार्यप्रणाली, विशेषताओं एवं उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक कक्षा में उपलब्ध करवाये गये इस अत्याधुनिक बोर्ड हेतु भामाशाह प्रदीप सराफ का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबन्धन की प्रगतिशील सोच की सराहना की। इस अवसर पर बाल निकेतन द्वारा सरकारी स्कूलों में इंटरेक्टिव बोर्ड लगवाये जाने की योजना की भी बहुत सराहना हुई। अभिभावकों ने कहा कि इस कदम से बाल निकेतन के साथ-साथ सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत हजारों-हजार विद्यार्थी भी तकनीकी युक्त शिक्षण से लाभान्वित होंगे।