परिणीति चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर साझा किया सेल्फ लव का महत्व
मुंबई। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा इन दिनों मदरहुड़ के सुखद पलों का आनंद ले रही हैं। बुधवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम के जरिए सेल्फ लव और मानसिक शांति से जुड़े मुद्दों पर विचार शेयर किए। परिणीति चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने जीवन को सादगी और सकारात्मकता के साथ जीने की सलाह दी। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने लिखा, "हमें छोटी-छोटी बातों पर तनाव लेना बंद कर देना चाहिए। शरीर हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए इसकी आलोचना करने के बजाय हमें इसके प्रति दयालु होना चाहिए।"
परिणीति चोपड़ा ने अपने प्रशंसकों से आग्रह किया कि वे अपने शरीर को बेहतर पोषण दें और इसे सक्रिय रखें, क्योंकि भविष्य में हमें इन पलों की कमी महसूस होगी।
परिणीति ने सभी को भागदौड़ भरी जिंदगी से ब्रेक लेने की सलाह देते हुए कहा, "बाहर निकलें, खुले आसमान को देखें और सूरज की रोशनी को महसूस करें। असली खुशी भौतिक चीजों के पीछे भागने में नहीं, बल्कि सुकून के साथ वर्तमान को जीने में है। हमें अपनों के साथ बिताए गए समय को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।"
आज के दौर में स्मार्टफोन की लत पर कटाक्ष करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, "अपना फोन नीचे रखें और सचमुच वहां मौजूद रहें जहां आप हैं और अपने प्रियजनों से खुलकर अपने प्यार का इजहार करें। किसी की मदद करना या किसी को प्यार भरा नोट लिखना वह खुशी देता है जिसे पैसों से नहीं खरीदा जा सकता।"
पोस्ट के अंत में परिणीति ने एक बहुत ही व्यावहारिक सलाह दी। उन्होंने कहा कि जो चीजें या काम आपको मानसिक रूप से थका देते हैं, उन्हें 'ना' कहना सीखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीवन में हर उलझन को तुरंत सुलझाना जरूरी नहीं है। जरूरी यह है कि आप अपनी खुशी के लिए बदलाव करने का साहस रखें।
परिणीति चोपड़ा पिछली बार 2024 में रिलीज हुई 'अमर सिंह चमकीला' में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने दिलजीत दोसांझ के साथ अभिनय किया था। इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम है।