भाजपा द्वारा मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
टोंक। भारतीय जनता पार्टी टोंक द्वारा विभाजन विभीषिका दिवस मनाया गया। सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने इस दिन को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तौर पर बताते हुए कहा कि आज ही के दिन मजहबी एवं नफरती मानसिकता ने भारत का विभाजन किया था। उन्होंने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवहान पर 14 अगस्त को शोक दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह हमें याद दिलाता है कि जब भी हमें पीड़ा हुई हो, उसे कभी भूलना नहीं चाहिए। उसे याद रखना चाहिए एवं आने वाली पीढ़ी को भी बताना चाहिए कि आगे से ऐसा कभी ना हो। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराणा ने कहा कि आज ही के दिन भारत मां के दो टुकड़े कर दिए गए थे। भारत के इतिहास में ये दुर्भाग्यशाली दिन है। समाज में नफरत एवं हिंसा व्याप्त हो गई थी। यह दिन भारत के संघर्ष एवं बलिदान का दिन है। इस दिन लाखों लोग अपने मूल स्थान से विस्थापित हुए थे। उनके साथ यातनपूर्ण व्यवहार हुआ था। इस मौके पर जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला उपाध्यक्ष बेनी प्रसाद जैन, हंसराज धाकड़, जिला परिषद सदस्य लवेश मीणा, बीना छामुनिया, मेघराज जाट, सीताराम वर्मा, कमलेश यादव, गणेश सैनी एवं बनवारी शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।