शांति समिति की बैठक आयोजित
सवाई माधोपुर । शांति समिति की बैठक जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में सोमवार को बाटोदा पुलिस थाना परिसर में आयोजित हुई। जिला कलक्टर ओला ने बैठक में बाटोदा थाना क्षेत्र के सदस्यों से कानून व्यवस्था के अतिरिक्त प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए समस्याएं सुनी। इस दौरान सूरगढ़, फुलवाड़ा व बिंजारी गांव से आए सदस्यों ने अवैध रूप से संचालित हो रहे शराब ठेके हटवाने व मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। सुरक्षा सखियों ने राजीविका कार्यालय के लिए निःशुल्क भवन की मांग की। इसके अलावा सदस्यों ने शाम के समय हो रही बिजली कटौती के बारे में जिला कलक्टर का अवगत कराया।
जिला कलक्टर ने समस्याएं सुनने के बाद उपस्थित सदस्यों को कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधियों पर पूर्ण निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में वे सीधा उन्हें या एसपी को बता सकते हैं। 24 अप्रैल से आयोजित होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान में अधिकाधिक कार्यों का मौके पर ही समाधान करवाने के लिए लोगों को अवगत करवाया।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने कहा कि पुलिस का काम अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास कायम करने का है। किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी किसी भी समय थाने आकर बिना डरे बता सकते हैं। इसके अलावा त्यौहारों व किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में शांति और सौहार्द्र की भावना बनाए रखें। सदस्यों ने आठ दिन पहले हरिपुरा गांव में एक बालक की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा तीव्रता से खुलासा करने पर थानाधिकारी रामकेश मीणा सहित पुलिस विभाग के काम की सराहना करते हुए कलक्टर, एसपी, डीएसपी, थानाधिकारी का स्वागत किया गया। इससे पहले थाने के जवानों द्वारा कलक्टर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
बैठक में उपाधीक्षक तेज कुमार पाठक, तहसीलदार बृजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस अधीक्षक ने किया बाटोदा पुलिस थाने का निरीक्षण:- जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने सोमवार को बाटोदा पुलिस थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपाधीक्षक तेज कुमार पाठक, थानाधिकारी रामकेश मीणा के साथ थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वागत कक्ष, शस्त्रागार, महिला डेस्क, बैरक, मालखाना सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नव निर्मित थाना भवन की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया गया। इससे पूर्व जिला पुलिस अधीक्षक के यहां आगमन पर जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने थानाधिकारी रामकेश मीणा से लंबित प्रकरणों, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी आदि की जानकारी ली।