वीवीपैट के बारे में लोगों को दी जाएगी जानकारी
भोपालगढ़। आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन का इस्तेमाल भी किया जाएगा, लेकिन लोग वीवीपैट मशीन से अंजान हैं। इसके लिए प्रशासन द्वारा लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके लिए नगरपालिका व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भोपालगढ़ विधानसभा के रिटेनिंग अधिकारी व उपखंड अधिकारी नानगाराम चौधरी, तहसीलदार रामेश्वर छाबा ,विकास अधिकारी हुकमाराम माली, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश जाखड़ ने मतदाताओं को किस प्रकार से मतदान किया जाए उसके बारे में भी मशीन के माध्यम से जानकारी दी। भोपालगढ़ विधानसभा में इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से तो पहले भी लोग मतदान कर चुके हैं, लेकिन वीवीपैट मशीन उनके लिए नई है। ईवीएम से मतदान के दौरान उठाए गए सवालों के कारण इस बार विधानसभा चुनाव में ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन का प्रयोग किया जाएगा। लोगों को ईवीएम की तो जानकारी पहले से ही है, ऐसे में अब वीवीपैट मशीन के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। विधानसभा प्रशासन इसके लिए मतदाता जागरूकता अभियान चला रहा है।वीवीपैट एक प्रकार की प्रिंटिंग डिवाइस होती है। इसे ईवीएम मशीन के साथ जोड़ा जाता है। मतदान के दौरान ईवीएम का बटन दबाते ही एक पर्ची वीवीपैट मशीन से प्रिंट होती है, जिसमें मतदाता द्वारा जिस प्रत्याशी को मतदान किया जाता है, उसका चुनाव चिह्न छपा रहता है। कुछ देर बाद ये पर्ची अपने आप वीवीपैट के बॉक्स में गिर जाती है। इससे मतदाता आश्वस्त हो जाता है कि उसका मत सही प्रत्याशी को पहुंचा है या नहीं।इस दौरान डॉ श्रवणराम मेघवाल, पुसाराम मेघवाल,गणपत मेहरा,रामकिशोर खदाव,रामनिवास पांगा,किशोर जाखड़, मनोहर परिहार सहित कई जने मौजूद थे।