फलोदी : अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जिला फलोदी की बैठक संपन्न
फलोदी। अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जिला फलोदी की बैठक स्थानीय डॉ. हेडगेवार भवन में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला संयोजिका शशि गुचिया ने किया। परिषद् के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री मनोज कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय विचारों पर आधारित लेखन और साहित्य सृजन की आवश्यकता पहले से अधिक है। इसी क्रम में आगामी वाल्मीकि जयंती पर वाल्मीकि वाङ्मय के विश्लेषणात्मक आयोजन का निर्णय लिया गया, जिसमें समरसता, मर्यादा, पर्यावरण, एकता, परिवार और आदर्श जैसे विषयों पर चर्चा होगी। बैठक में यह तय किया गया कि भारतीय भाषा दिवस, संस्कृत दिवस, हिंदी दिवस व मातृभाषा दिवस जैसे भाषाई उत्सव नियमित रूप से मनाए जाएंगे। परिषद् द्वारा बहुभाषी कवि सम्मेलन और हिंदी की सभी विधाओं की गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन सार्वजनिक करने पर भी सहमति बनी। नवंबर के प्रथम सप्ताह में रीवा में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में फलोदी का प्रतिनिधि मंडल भाग लेगा। इस अवसर पर संगठन मंत्री डॉ. विपिन चंद्र, विभाग संयोजक विक्रम सिंह सहित अनेक वरिष्ठ साहित्यकार मौजूद रहे। नवोदित साहित्यकारों को काव्य पाठ व लेखन की प्रेरणा दी गई। परिषद संरक्षक मनमोहन पुरोहित, विशंभर थानवी, देवेंद्र थानवी, अरुण जोशी, सत्यनारायण पालीवाल, सुखराम डारा, गौरीशंकर, तेजपुरी, पवन कुमार, अशोक जीनगर, प्रमोद थानवी, मीना जोशी एवं शशि पुरोहित उपस्थित रहे। साथ ही 30 युवाओं ने साहित्य पठन व अध्ययन योजना पर चर्चा की।