फलोदी : सड़क सुरक्षा के तहत मेलार्थियों को लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप
फलोदी। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग जयपुर तथा जिला कलक्टर फलोदी के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जिले से होकर गुजरने वाले पैदल मेलार्थियों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। जिला परिवहन अधिकारी विनोद कुमार लेघा ने यात्रियों को सड़क पर सुरक्षित चलने, यातायात नियमों का पालन करने तथा रात्रि समय सतर्क रहने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वहीं परिवहन निरीक्षक दिनेश बोहरा के निर्देशन में मेलार्थियों के वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। अभियान का उद्देश्य रात के समय दृश्यता बढ़ाना एवं दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। मेलार्थियों ने विभाग की इस पहल की सराहना की और इसे एक सराहनीय कदम बताया।