फलोदी : शहरी जनता क्लिनिकों का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस
फलोदी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ के निर्देशन में शुक्रवार को उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धीरज बिस्सा एवं अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क) डॉ. गिरीश कुमार व्यास ने फलोदी शहर के शहरी जनता क्लिनिक बापू नगर, लटियालपुरा, संजय नगर एवं धोलाबाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी क्लिनिकों के सर्वे रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। इस दौरान अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, वहीं उपस्थित कार्मिकों को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इनमें हाउस-टू-हाउस सर्वे, एन.पी.एन.सी.डी. कार्यक्रम के अंतर्गत स्क्रीनिंग व उपचार, मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु सर्वे व दवा उपलब्ध करवाना शामिल है। साथ ही भारत सरकार की प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी की संवेदनशील आबादी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। बरसाती मौसम को देखते हुए वर्तमान में सभी शहरी जनता क्लिनिकों में प्रतिदिन 20 से 25 मरीजों को सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्मिक पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।