महिला की मौत पर पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
धौलपुर। कौलारी थाना क्षेत्र के रंजीतपुरा गांव में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला की मौत होने की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बसई नवाब अस्पताल के शवगृह में रखवाते हुए पीहर पक्ष को सूचना दी। सूचना पर अस्पताल पहुंचे पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज को लेकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
महिला के पिता होतम पुत्र विष्णु सिंह निवासी विदरपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि साल 2015 में उसने अपनी बेटी मधु की शादी रंजीतपुरा गांव के जितेंद्र पुत्र ओमप्रकाश के साथ की थी। शादी के बाद से ही मधु अपने ससुराल में रहने लगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि 5 दिन पहले ही उसकी बेटी अपने पीहर पहुंची, जहां उसकी बेटी ने ससुराल पक्ष पर एक लाख रुपए का दहेज मांगने के साथ तंग और परेशान करने का आरोप लगाया। रिपोर्ट में बताया गया है कि ससुराल वापस लौटने के बाद ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी मधु की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। पीहर पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-------------